हल्द्वानी। नैनीताल जिले को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार, 27 नवंबर को पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचकर एसएसपी का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
पुलिस कार्यालय पहुंचने पर नवागत एसएसपी को सलामी गार्द ने सलामी दी। इसके बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान में निभाई थी अहम भूमिका
आईपीएस अर्पण यदुवंशी इससे पहले पुलिस अधीक्षक रेलवे (जीआरपी) और उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। उत्तरकाशी में अपने करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सिलक्यारा सुरंग हादसे के दौरान उन्हें घटना कमांडर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके नेतृत्व और विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय के चलते सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के अभियान में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
SDRF के सेनानायक रहते हुए भी किए उल्लेखनीय कार्य
उत्तरकाशी के बाद उन्होंने करीब दो वर्षों तक राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) के सेनानायक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। उनके नेतृत्व में प्रयागराज महाकुंभ 2025 में SDRF की तैनाती और संचालन किया गया।
अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान SDRF की टीमों ने 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया और करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया। उनके कार्यकाल में उत्तराखंड SDRF को ISO 9001:2015 प्रमाणन भी मिला।
कई सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
अर्पण यदुवंशी को उनकी सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास प्रशंसा पदक, NDMA प्रशस्ति और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। उन्होंने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में भी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया है।
नैनीताल में कानून व्यवस्था मजबूत करना होगी प्राथमिकता
नए एसएसपी के सामने नैनीताल जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, यातायात व्यवस्था में सुधार और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अहम जिम्मेदारी होगी। उनके पूर्व अनुभव और आपदा प्रबंधन में किए गए कार्यों को देखते हुए जिले की पुलिस व्यवस्था में बेहतर सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।



