नैनीताल में महिला आयोग की जनसुनवाई.
नैनीताल: मंगलवार को आयोजित महिला आयोग की जनसुनवाई के दौरान महिला उत्पीड़न के कई मार्मिक और हैरान करने वाले मामले सामने आए। इनमें एक ऐसा मामला भी सामने आया जिसने रिश्तों को शर्मसार करने के साथ ही सभी को झकझोर कर रख दिया।
नैनीताल स्थित राज्य अतिथि गृह सभागार में हुई जनसुनवाई में कुल आठ मामले प्रस्तुत किए गए। इनमें नैनीताल की एक युवती ने अपने ही पिता पर गंभीर आरोप लगाए। युवती का कहना है कि बचपन से ही उसके साथ उत्पीड़न हो रहा है। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता दवाइयां देकर उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति को प्रभावित करते रहे और उसके साथ गलत व्यवहार करते रहे। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि पिता के कुछ परिचित लोग भी उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करते हैं।
युवती का कहना है कि इस पूरे मामले में उसका भाई भी पिता का साथ दे रहा है। आरोप है कि पिता इस समय एक महिला के साथ लिव-इन में रह रहे हैं और उन्होंने अपनी संपत्ति भी उस महिला के बच्चों के नाम कर दी है। युवती ने बताया कि उसे घर से निकालने की धमकी दी जा रही है और उसके पास कोई आर्थिक साधन नहीं है। उसने यह भी कहा कि पिछले आठ साल से वह लगभग घर में ही सीमित है और उस पर निगरानी रखी जाती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सायरा बानो ने कहा कि इस प्रकरण को लेकर एसएसपी को पत्र भेजा जाएगा और मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवती की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों से जुड़े अन्य मामले भी सामने आए। हल्द्वानी से आई एक महिला ने बताया कि चार साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन सास ने उसके पति का बिना बताए कहीं और रिश्ता तय कर दिया। महिला का आरोप है कि उसका जबरन गर्भपात भी करवाया गया।
वहीं रानीबाग की एक महिला ने पति पर मारपीट करने और ससुर द्वारा घर से निकालने का आरोप लगाया। महिला की दो बेटियां हैं और पति तलाक लेना चाहता है, जिससे बच्चों के भविष्य को लेकर वह चिंतित है।
इसके अलावा भवाली से आई एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति अपनी भाभी के बच्चों का खर्च उठाते हैं, लेकिन उसे खर्च के लिए पैसे नहीं देते। पति के साथ रहने को लेकर विवाद चल रहा है और परिवार में मारपीट तथा खर्च को लेकर कई मामले भी दर्ज हैं।
जनसुनवाई के दौरान आयोग के सदस्यों के साथ प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी मामलों में जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
