लालकुआँ: नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर और प्रबंध कमेटी के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से दुग्ध उत्पादकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस मौके पर स्वच्छ दूध उत्पादक गोष्ठी आयोजित की गई और जिला योजना के तहत दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य दीपा दरमवाल मौजूद रहीं।
समारोह के दौरान दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा और संचालक मंडल के सदस्यों का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में 826 से अधिक दुग्ध उत्पादकों, महिलाओं और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही, जिससे पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से भर गया। बताया गया कि अध्यक्ष मुकेश बोरा के एक फोन कॉल पर ही बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गईं।
स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित गोष्ठी में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों को दूध की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाला दूध ही दुग्ध व्यवसाय की असली पहचान है, जिससे उत्पादकों को बेहतर मूल्य और लाभ मिलता है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए दुग्ध व्यवसाय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
जिला योजना के तहत दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए गए। महिला डेयरी विकास योजना में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महिला दुग्ध समिति हरिपुर कुंवर सिंह आनंदपुर तोक हल्द्वानी की दुग्ध उत्पादक हिमानी देवी को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली पुष्पा देवी को 15 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली दीपा देवी को 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। बताया गया कि हिमानी देवी प्रतिदिन लगभग 500 लीटर, पुष्पा देवी 350 लीटर और दीपा देवी 250 लीटर दूध दुग्ध संघ को उपलब्ध कराती हैं।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि 15 अप्रैल से दूध के मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का उद्देश्य दुग्ध उत्पादक किसानों का सर्वांगीण विकास करना और उनकी आय में बढ़ोतरी करना है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से 2024 तक के पहले कार्यकाल में दुग्ध संघ ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए, जिससे किसानों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिला। वहीं 2024 से 2026 के दूसरे कार्यकाल में भी संघ को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले सात वर्षों में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और सहयोग से दुग्ध व्यवसाय को नई दिशा मिल रही है।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस दौरान डेयरी विकास विभाग के उपनिदेशक संजय उपाध्याय, यूसीडीएफ के आरएम तिवारी, संचालक मंडल सदस्य कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, दीपा बिष्ट, हेमा देवी, खष्टी देवी, पुष्पा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रभारी अभियंता राजेंद्र प्रसाद दुमका, सहायक प्रबंधक महिला डेयरी गीता ओझा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।
