हल्द्वानी: तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर गैस प्लांट से बेरीपड़ाव के बीच मंगलवार सुबह एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से एक ट्राला गलत दिशा में आ रहा था। टक्कर से बचने के लिए स्कॉर्पियो चालक ने वाहन मोड़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने ट्राले की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर स्टोन क्रशरों से जुड़े भारी वाहन अक्सर रॉन्ग साइड का इस्तेमाल करते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। पिछले दो दिनों में यह दूसरा बड़ा एक्सीडेंट है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से सख्ती नजर नहीं आ रही।
लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
