प्रतीकात्मक तस्वीर.
हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कुसुमखेड़ा नारायण नगर निवासी 38 वर्षीय प्रदीप आर्य पुताई का काम करता था। बुधवार रात उसकी पत्नी, जो मायके गई हुई थी, से फोन पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि युवक ने पत्नी को वापस आने के लिए कहा, लेकिन मना करने पर वह काफी नाराज हो गया।
परिजनों के मुताबिक, विवाद के बाद प्रदीप घर लौटा और शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पी लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं।
गंभीर स्थिति में परिजन उसे तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें एक 13 वर्षीय बेटा और पांच साल की बेटी शामिल हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
