नई दिल्ली: देश में फिर से लॉकडाउन लगाए जाने की चर्चाओं पर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ बयान दिया है कि ऐसी सभी खबरें पूरी तरह अफवाह हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के पास फिलहाल लॉकडाउन लागू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।
मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लोगों से अपील की कि वे भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि वैश्विक हालात भले ही अस्थिर हों, लेकिन भारत सरकार ऊर्जा, ईंधन और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

दरअसल, हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और तेल-गैस की आपूर्ति को लेकर उठी चिंताओं के चलते सोशल मीडिया पर लॉकडाउन की अफवाहें फैलने लगी थीं। एलपीजी सप्लाई को लेकर “चिंताजनक” शब्द के इस्तेमाल को भी लोगों ने गलत तरीके से जोड़ लिया, जिससे भ्रम और बढ़ गया।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में तैयारी शब्द के इस्तेमाल को भी कुछ लोगों ने संभावित लॉकडाउन से जोड़ दिया। हालांकि सरकार ने साफ कर दिया है कि यह तैयारी प्रशासनिक स्तर पर किसी भी वैश्विक संकट से निपटने के लिए है, न कि आम जनता पर पाबंदी लगाने के लिए।
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि ऐसे समय में घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी के साथ सही जानकारी पर भरोसा करना चाहिए। सरकार ने लोगों से केवल आधिकारिक स्रोतों और प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की जानकारी पर ही विश्वास करने की सलाह दी है।
