ऋषिकेश: अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए दून पुलिस ने ऋषिकेश में एक बड़े जुआ रैकेट का खुलासा किया है। हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में देर रात छापा मारकर पुलिस ने 40 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों से आए लोग भी शामिल पाए गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से बड़ी मात्रा में जुआ खेलने का सामान मिला। आरोपियों के पास से 3356 कैसीनो क्वाइन, 1 लाख 37 हजार 600 रुपये नकद और अलग-अलग ब्रांड की 9 शराब की बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ऋषिकेश में जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 और आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही सभी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह अवैध जुआ गतिविधि हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में संचालित हो रही थी। कार्रवाई के बाद होटल को सील कर दिया गया है। हालांकि होटल मालिक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस मामले में स्थानीय पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने सख्त रुख अपनाते हुए आईडीपीएल चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया है। चौकी प्रभारी समेत 12 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा एक गोपनीय सूचना के आधार पर हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा और पूरे गिरोह को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तराखंड के अलावा दिल्ली, मेरठ, नोएडा और हरियाणा के लोग भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
