काठगोदाम: क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। मामला पुरानी चुंगी, मल्ला काठगोदाम का बताया जा रहा है, जहां आपसी कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया।
जानकारी के अनुसार, सौरभ राणा और सोनू राणा का गोपाल आर्या पक्ष से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो बढ़ते-बढ़ते झगड़े में बदल गया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बनने लगी।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। अगले दिन जब एक पक्ष पुलिस चौकी पहुंचा, तभी दूसरा पक्ष भी वहां आ गया और दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद जब युवक शांत नहीं हुए, तो सख्ती बरतते हुए कार्रवाई की गई।
चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोपाल आर्या, सितेश आर्या और अमन कुमार को धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अराजकता या कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
