हरिद्वार :रुड़की के भोगपुर गांव के पास स्थित एक मंदिर में सेवादार की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। रात के समय मंदिर परिसर में सो रहे 65 वर्षीय राजवीर की अज्ञात बदमाशों ने सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, राजवीर मूल रूप से मुजफ्फरनगर के गोधना गांव के रहने वाले थे और पिछले करीब दो महीनों से खाटू श्याम मंदिर में सेवा दे रहे थे। शनिवार रात भी वह रोज की तरह मंदिर परिसर में ही सोए हुए थे।
रविवार सुबह जब एक ग्रामीण मंदिर पहुंचा, तो उसने राजवीर को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह दृश्य देख वह घबरा गया और तुरंत गांव में सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाश चोरी के इरादे से मंदिर में घुसे होंगे। इस दौरान सेवादार के जागने पर उन्होंने विरोध किया होगा, जिसके बाद हमलावरों ने उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
