रुद्रप्रयाग: जिले के बाड़ब गांव से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां नौ दिन से लापता चल रहे 5 वर्षीय मासूम पंकू का शव जंगल में मिलने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इस घटना ने परिजनों समेत पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल को मयंक उर्फ पंकू अपने घर के पास से अचानक लापता हो गया था। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घने जंगलों के बीच लगातार कई दिनों तक तलाश अभियान चलाया गया। ड्रोन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन की गई। आखिरकार रविवार को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर ऊपरी पहाड़ी इलाके में मासूम का शव बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पिछले नौ दिनों से परिजन और ग्रामीण इस उम्मीद में थे कि बच्चा सुरक्षित मिल जाएगा, लेकिन शव मिलने की खबर ने सभी को तोड़ कर रख दिया।
बताया जा रहा है कि जिस दिन बच्चा लापता हुआ, उस दिन उसकी मां खेत में खाना लेकर जा रही थी और मासूम चुपचाप उसके पीछे निकल गया था। मां को इसकी जानकारी नहीं हो पाई और वापस लौटने पर बच्चा घर से गायब मिला।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना के कारणों को जानने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं, ग्रामीणों ने मामले की गहन जांच की मांग की है, ताकि इस दर्दनाक घटना की सच्चाई सामने आ सके।
