देहरादून : आज दून–दिल्ली एक्सप्रेसवे का विधिवत संचालन शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया। इस नए एक्सप्रेसवे से अब देहरादून से दिल्ली की यात्रा मात्र ढाई से तीन घंटे में पूरी की जा सकेगी।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने इसे देश के विकास की “भाग्य रेखाएं” बताया और कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भारत को नई गति दे रहा है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से न केवल समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
पीएम मोदी ने उत्तराखंड के पर्यटन, चारधाम यात्रा, शीतकालीन पर्यटन और कुंभ मेले का भी जिक्र किया और कहा कि राज्य तेजी से विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने हरिद्वार कुंभ को दिव्य, भव्य और स्वच्छ बनाने का संकल्प दोहराया।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए पीएम मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संसद में इसका जल्द प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है ताकि महिलाओं की भागीदारी और मजबूत हो सके।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उत्तराखंड की जनता का आभार व्यक्त किया।
