हल्द्वानी: लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाली 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और आज परिजनों व स्थानीय लोगों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि कंपनी में कर्मचारियों के साथ पहले भी गलत व्यवहार होता रहा है और मृतका के साथ भी दबाव की स्थिति थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने की वजह से युवती की जान गई। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी प्रबंधन मौत से पहले का पूरा सीसीटीवी फुटेज सामने नहीं ला रहा है।
…
इसी बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में युवती को ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने साथियों के साथ कंपनी गेट से बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। गेट से कुछ दूरी पर चलते-चलते वह अचानक जमीन पर गिर जाती है। उसे गिरते देख आसपास मौजूद साथी कर्मचारी घबरा जाते हैं और वहां अफरा-तफरी मच जाती है।
घटना के तुरंत बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से उसे हल्द्वानी के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आज जब मामला आगे बढ़ा तो परिजन और स्थानीय लोग शव को कंपनी गेट पर रखकर प्रदर्शन करने की चेतावनी देने लगे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन और कंपनी प्रबंधन सक्रिय हो गया और मौके पर तनाव बढ़ गया।
…..
पोस्टमार्टम हाउस में हुई इस घटना के विरोध के बाद काफी देर तक बातचीत और प्रशासन की मध्यस्थता चली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। समझौते के अनुसार पीड़ित परिवार को 6 लाख रुपये का मुआवजा देने पर सहमति बनी है। इसके साथ ही मृतका के भाई और बहन को कंपनी में नौकरी देने और फंड से जुड़े सभी दस्तावेजों की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आश्वासन भी दिया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
