देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन क्षेत्रों में तेज गर्जना, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और भारी बारिश के तीव्र दौर की चेतावनी दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, प्रदेश के लगभग सभी जिलों में आज बारिश होने की संभावना है। वहीं 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में भी तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
विभाग के मुताबिक ऑरेंज और यलो अलर्ट वाले क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। शेष पर्वतीय जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए बिजली चमकने और तेज बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
बीते दिन भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहा। टिहरी, पौड़ी, चंपावत सहित कुमाऊं मंडल के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
