Akhilesh Yadav के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
सूत्रों के मुताबिक, 30 अप्रैल को प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन बताया जा रहा है कि वह अस्पताल से औपचारिक छुट्टी लिए बिना ही घर लौट आए थे।
प्रतीक यादव, Mulayam Singh Yadav की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी Aparna Yadav भारतीय जनता पार्टी की नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
राजनीति से दूरी बनाकर रखने वाले प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से MBA की पढ़ाई की थी। उन्होंने रियल एस्टेट और फिटनेस सेक्टर में अपनी अलग पहचान बनाई थी। लखनऊ में उनका ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम व्यवसाय था। इसके अलावा वे ‘जीव आश्रय’ संस्था भी चलाते थे, जो स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, भोजन और रेस्क्यू का काम करती थी।
फिटनेस के प्रति बेहद जुनूनी प्रतीक यादव ने कभी सक्रिय राजनीति में कदम नहीं रखा। उन्होंने न तो कोई चुनाव लड़ा और न ही पार्टी में कोई बड़ा पद संभाला। साल 2017 में दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा था कि वह राजनीति से दूर रहकर अपने कारोबार पर ध्यान देना चाहते हैं। हालांकि, समय-समय पर उनके राजनीति में आने की चर्चाएं जरूर उठती रहीं।
