नैनीताल: महिला की शिकायत पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मल्लीताल स्थित एक होटल पर जुर्माना लगाया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि होटल की पानी की टंकियों से लगातार ओवरफ्लो हो रहे पानी की वजह से आसपास के घरों में सीलन और परेशानी बढ़ रही है, जबकि रास्ते में गंदगी फैलने की समस्या भी सामने आई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने तुरंत राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए।
..
शुक्रवार को टीम ने मल्लीताल क्षेत्र में स्थित ब्रॉडवे होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। अधिकारियों ने पाया कि होटल की छत पर लगी पानी की टंकी से लगातार पानी बह रहा था, जिससे पानी की बर्बादी के साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही थी।
…
निरीक्षण के बाद जल संस्थान ने मौके पर ही होटल का जल कनेक्शन काट दिया और पानी के दुरुपयोग पर 5 हजार रुपये का चालान किया। वहीं पर्यटन विभाग ने 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। नगर पालिका ने गंदगी फैलाने पर 1 हजार रुपये का अलग से अर्थदंड लगाया। इस तरह होटल पर कुल 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
प्रशासन ने साफ किया है कि सार्वजनिक संसाधनों की बर्बादी और नागरिकों की परेशानी को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अक्षय भट्ट समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
