नैनीताल: नैनीझील से लगातार दूसरे दिन शव मिलने की घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। शनिवार सुबह करीब 7:22 बजे किसी स्थानीय व्यक्ति ने 112 पर कॉल कर मल्लीताल स्थित एन.सी.सी. ट्रेनिंग सेंटर और माँ मायना देवी मंदिर के समीप झील में शव उतराता होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली पुलिस एस.एस.आई. दिनेश जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकाला। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से ₹4,000 नकद बरामद हुए।
पुलिस ने मृतक की पहचान ऑल सेंट्स स्कूल में सफाई कर्मचारी, लगभग 48–50 वर्षीय महिंदर चौहान के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि उनकी मृत्यु कुछ ही समय पहले डूबने से हुई होगी।
शव को पोस्टमार्टम एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए बी.डी. पाण्डे अस्पताल भेज दिया गया है। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी मनीष साह का शव नैनीझील से बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में झील से शव मिलने की घटनाओं ने शहरवासियों को चिंता में डाल दिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
