देहरादून : देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में मामूली सी कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। यहां दोस्तो के बीच विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में घायल युवक के पेट और जांघ पर गंभीर चोटें आई, जिसके बाद उसे दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अब उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को रजत मलिक ने प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा कि उसका भाई कृष्णा अपने दोस्त शिवानंद के साथ मुजफ्फरनगर से देहरादून घूमने आया था। इस दौरान प्रेमनगर स्थित दशहरा ग्राउंड के पास शिवानंद ने कृष्णा पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत के आधार ओर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज उसकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश देने के बाद 6जुलाई को मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिवानंद बालियान उर्फ शिवा को पौधा रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि दोनों युवक मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं और देहरादून घूमने आए थे। इस दौरान वे सेलाकुई में अपने एक परिचित के कमरे पर पहुंचे, जहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। शराब पीने के बाद शिवानंद मुजफ्फरनगर लौटने की जिद करने लगा, जबकि कृष्णा उसे देहरादून में रुकने के लिए कह रहा था।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। लौटते समय प्रेमनगर के दशहरा ग्राउंड के पास विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर शिवानंद ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार से कृष्णा के पेट और जांघ पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
