ऋषिकेश: रविवार को रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। आईडीपीएल चौकी क्षेत्र की विस्थापित कॉलोनी में रविवार को घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि एक बेटे ने अपनी हीं माँ पर गोली चला दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी बेटे को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, विस्थापित कॉलोनी गली नंबर-3 में रहने वालें उषा देवी और उनके बेटे सुमित गौड़ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ते बढ़ते इतना बढ़ गया कि सुमित गौड़ ने अपनी मां उषा पर गोली चला दी। गोली लगते ही उषा देवी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। और जब लोगों ने वहाँ का मंजर देखा तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गयी।
शुरुआती जांच में विवाद के कारणों का पता नहीं चल सका है। महिला को गोली शरीर के किस हिस्से में लगी, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद होगी। साथ ही जिस हथियार से फायरिंग की गई, वह लाइसेंसी था या अवैध, इसकी भी जांच जारी है।
प्रथमदृष्टया पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी युवक नशे करता है और वह नशे का बुरी तरह से आदी हो चुका है।। जिसके बाद पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने नशे की हालत में हीं इस वारदात को अंजाम दिया होगा। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है साथ हीं आरोपी से भी पूछताछ जारी है।
