हल्द्वानी में गौला नदी से मिला 16 वर्षीय किशोर का शव
हल्द्वानी: हल्द्वानी से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। यहाँ रविवार शाम को 16 वर्षीय किशोर ने गौला पुल पर छलांग लगा दी थी। जिसका शव आज सोमवार सुबह एस डी आर एफ ने बरामद कर लिया है। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार प्रियांशु बिष्ट हाथीखाल, मोतीनगर (बरेली रोड) का रहने वाला था। परिजनों ने बताया कि उनका बेटा रविवार की शाम करीब 5 बजे यह कहकर निकला था कि वह ड्राइंग का समान लेने जा रहा है। उनका कहना था कि घर में उसका व्यवहार पूरी तरह से सामान्य था।
घर से निकलने के बाद प्रियांशु सीधे बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित गौला पुल पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह काफी देर तक पुल पर अकेले टहलता रहा। और जब वह रेलिंग के पास पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने की काफी कोशिश की, मगर उसने किसी की बात नहीं सुनी और नदी में कूद लगा दी।
घटना को देखकर नदी किनारे मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। और सर्च अभियान शुरु किया। मगर नदी के तेज बहाव, अधिक गहराई और बारिश के कारण मटमैले पानी की वजह से रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद भी देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा बढ़ने पर अभियान रोकना पड़ा।
आज सुबह फिर से ऑपरेशन शुरू किया और कई घंटे की मशक्कत के बाद प्रियांशु का शव नदी से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे से जरूरी कार्यवाही शुरु कर दी है।
परिजनो में किशोर की मौत की खबर मिलते हीं कोहराम मचा हुआ है। और क्षेत्र में शोक का माहौल है
