चमोली::: बदरीनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का मामला सामने आया है। मंदिर के गर्भगृह में एक श्रद्धालु को स्पाई कैमरे की मदद से चोरी-छिपे वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग करते हुए पकड़ा गया। सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रोक लिया।
जांच में व्यक्ति की पहचान जयप्रकाश पांडे, निवासी नोहर रोड, मुंबई के रूप में हुई। बताया गया कि वह मंदिर के सबसे संवेदनशील और प्रतिबंधित क्षेत्र यानी गर्भगृह में स्पाई कैमरे का इस्तेमाल कर वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कर रहा था। मंदिर परिसर के इस हिस्से में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है, क्योंकि यह सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा क्षेत्र माना जाता है।
मामले की जानकारी मिलते ही चमोली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। इसके अलावा उसके पास मौजूद स्पाई कैमरे और अन्य उपकरणों में रिकॉर्ड किए गए सभी वीडियो और फोटो मौके पर ही डिलीट करवाए गए, ताकि मंदिर की गोपनीयता और सुरक्षा से जुड़ी कोई भी सामग्री सार्वजनिक न हो सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदरीनाथ धाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर की सुरक्षा, धार्मिक परंपराओं और निर्धारित नियमों का पालन कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। गर्भगृह और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की रिकॉर्डिंग करना नियमों के विरुद्ध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चमोली पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में मोबाइल, कैमरा या किसी भी अन्य रिकॉर्डिंग उपकरण का उपयोग न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यदि कोई व्यक्ति मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था या धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
