देहरादून: उत्तराखंड के इतिहास में सोमवार का दिन एक नया अध्याय जोड़ गया। प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने सबसे लंबे समय तक राज्यपाल पद पर रहने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल के 1,755 दिनों के कार्यकाल को पीछे छोड़ते हुए 1,756 दिनों का कार्यकाल पूरा कर यह उपलब्धि हासिल की।
लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने 15 सितंबर 2021 को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद से वह लगातार इस संवैधानिक पद की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। चार दशक से अधिक लंबे सैन्य अनुभव और प्रशासनिक कार्यशैली के कारण उन्होंने राज्यपाल के रूप में भी अपनी अलग पहचान बनाई है।
1 फरवरी 1956 को पंजाब के अमृतसर जिले के जलाल उस्मान गांव में जन्मे गुरमीत सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सैनिक स्कूल कपूरथला से प्राप्त की। उनके परिवार की पृष्ठभूमि भी सैन्य सेवा से जुड़ी रही है। उनके पिता मोहिंद्र सिंह भारतीय सेना में रहे, जबकि उनके बड़े भाई ने भारतीय वायुसेना में सेवा दी। यही कारण रहा कि बचपन से ही उनमें अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित हुई।
भारतीय सेना में करीब 40 वर्षों तक सेवा देने के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह सेना के डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जैसे अहम पद पर भी रहे। चीन और पाकिस्तान के साथ सीमा मामलों से जुड़े मुद्दों के अलावा जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में आतंकवाद विरोधी अभियानों में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल सहित कई सैन्य सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
राज्यपाल बनने के बाद उन्होंने शिक्षा, युवाओं, पूर्व सैनिकों, सैनिक परिवारों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय भागीदारी निभाई। विभिन्न विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों से लेकर सामाजिक अभियानों तक उनकी मौजूदगी लगातार देखने को मिली। उन्होंने कई अवसरों पर युवाओं को नवाचार, राष्ट्र निर्माण और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित भी किया.
इस उपलब्धि के साथ लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह उत्तराखंड के गठन के बाद सबसे लंबे समय तक राज्यपाल पद पर रहने वाले व्यक्ति बन गए हैं। उनका नाम अब प्रदेश के संवैधानिक इतिहास में एक नए रिकॉर्ड के साथ दर्ज हो गया है।
