रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेलीपुरा रोड पर पैदल जा रही 56 वर्षीय महिला को एक कैंटर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कैंटर के दोनों टायर महिला के पैर के ऊपर से गुजर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला की पहचान फहत जहां (56) निवासी तेलीपुरा, रामनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह तेलीपुरा से रामनगर की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए कैंटर की चपेट में आ गईं। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और कैंटर के दोनों टायर उनके पैरों के ऊपर से गुजर गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल महिला को संभाला और उपचार के लिए रामनगर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने कैंटर चालक को पकड़ लिया। चालक को पुलिस के आने तक मौके पर ही रोके रखा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। कैंटर चालक से भी पूछताछ की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि व्यस्त सड़कों पर पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
