काशीपुर: ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में उस समय हुआ, जब तीनों छात्र स्कूल जा रहे थे। तेज रफ्तार और अनियंत्रित टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, दाभोरा टांडा निवासी शिवम कुमार (15) पुत्र मनोज सिंह राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। गुरुवार सुबह वह अपने साथियों के साथ स्कूल के लिए निकला था। उदय राज इंटर कॉलेज, काशीपुर का छात्र वासु, जो उस दिन स्कूल से अवकाश पर था, अपने चचेरे भाई अक्षय और शिवम को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक शिवम अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश के साथ मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
