गोपेश्वर: उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के बीच मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। दशोली विकासखंड की ग्राम पंचायत रागतोली के पास गुरुवार सुबह एक उफनते गधेरे के किनारे नवजात शिशु जीवित अवस्था में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चे का रेस्क्यू किया और जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने रागतोली गांव के पास गधेरे की ओर से बच्चे के रोने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा हुआ है। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान बताया कि बच्चा बेबी बॉय है और उसे हाइपोथर्मिया (शरीर का तापमान सामान्य से कम होना) की समस्या थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए उसे श्रीनगर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि किसी ने सुबह के समय ही नवजात को गधेरे के पास छोड़ दिया होगा। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग धानिक ने बताया कि नवजात को हाइपोथर्मिया की शिकायत थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल बच्चे की स्थिति स्थिर है।
