अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी लतिका भंडारी.
नैनीताल: शहर के मल्लीताल और वर्तमान में भीमताल निवासी अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी लतिका भंडारी को इस वर्ष के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, खेल प्रेमियों और पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है।
लतिका के पिता महेंद्र सिंह असम राइफल्स से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी मां नीमा भंडारी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच उन्होंने पढ़ाई के साथ ताइक्वांडो का अभ्यास जारी रखा और अपनी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। उन्होंने लंबे समय तक मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया और बाद में उत्तराखंड लौट आईं।
वर्तमान में लतिका आयकर विभाग, मुंबई में खेल कोटे के तहत कार्यरत हैं। इसके साथ ही वह भारतीय जूनियर ताइक्वांडो टीम की कोच के रूप में भी युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रही हैं।
विश्व रैंकिंग में बनाया इतिहास
लतिका ने वर्ष 2007 में नैनीताल से ताइक्वांडो की शुरुआत की थी। उसी वर्ष उन्होंने अपना पहला राष्ट्रीय जूनियर पदक जीता और इसके बाद लगातार सफलता का सफर जारी रखा। वह वर्ष 2018 में अंडर-19 (53 किलोग्राम) वर्ग की विश्व रैंकिंग के टॉप-20 में पहुंचने वाली पहली भारतीय ताइक्वांडो खिलाड़ी बनीं।
लतिका एशियन और कॉमनवेल्थ दोनों चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली देश की एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक 10 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम किए हैं।
उनकी प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं—
साउथ एशियन गेम्स: 2016 और 2019 में स्वर्ण, 2010 में रजत पदक।
कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप 2017: एक स्वर्ण और एक रजत पदक।
एशियन चैंपियनशिप 2014: कांस्य पदक।
प्रेसिडेंट्स कप: रजत पदक जीतने वाली देश की पहली महिला खिलाड़ी।
फुजैराह ओपन: स्वर्ण पदक।
मलेशिया ओपन: रजत पदक।
माउंट एवरेस्ट ओपन और फज्र ओपन: कांस्य पदक।
लतिका 18 से अधिक राष्ट्रीय खिताब जीत चुकी हैं। वह लगातार 10 वर्षों से अधिक समय तक सीनियर नेशनल और नेशनल गेम्स में भारत की नंबर-1 खिलाड़ी रहीं। वर्ष 2025 के 38वें राष्ट्रीय खेलों में भी उन्होंने कांस्य पदक जीता।
कई प्रतिष्ठित सम्मान से हो चुकी हैं सम्मानित
खेलों में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2012 में विक्रम अवार्ड और 2013 में स्पोर्ट्स टाइम्स अवार्ड मिल चुका है। उनका नाम फिजिकल एजुकेशन की पुस्तकों के “लीजेंड कॉर्नर” में शामिल है। इसके अलावा शेरोज बुक में भारत की 100 प्रेरणादायक महिलाओं में भी उनका नाम दर्ज है। वर्ष 2025 में उन्हें BRICS Trailblazer Award से भी सम्मानित किया गया।
लतिका अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रमाणित कोच (लेवल-I और लेवल-II) हैं तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और मध्य प्रदेश अकादमी में छह वर्षों तक कोचिंग दे चुकी हैं। वर्तमान में वह 2025-26 जूनियर और अंडर-21 विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम की कोच की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
