हल्द्वानी: नैनीताल जिले में भू-माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धारी विकासखंड की एक पीड़ित महिला को उसकी वर्षों पुरानी पैतृक जमीन का कब्जा वापस दिलाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर राजस्व टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 नाली भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर महिला को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड धारी के ग्राम कौल निवासी भगवती देवी की पैतृक भूमि पर लंबे समय से भू-माफियाओं ने अवैध कब्जा कर रखा था। पीड़िता ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उसे राहत नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने अपनी समस्या जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के समक्ष रखी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटाया और करीब 25 नाली भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसका कब्जा भगवती देवी को सौंप दिया।
अपनी पैतृक जमीन वापस मिलने पर भगवती देवी ने जिलाधिकारी और प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें वर्षों बाद न्याय मिला है।
इस मौके पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में प्रशासन पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगा और पात्र लोगों को समय पर न्याय दिलाना उसकी प्राथमिकता रहेगी।
