रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर के प्रतापपुर क्षेत्र में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा कर दिया। शुरुआत में मामला सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच का रुख बदल दिया। जांच में मृतक की पत्नी की भूमिका सामने आई। पुलिस ने पत्नी और दो किशोरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक शिफ्ट डिजायर कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली थी। कार के अंदर एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान ग्राम बाजावाला, डकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी निवासी संजीव कुमार पुत्र सोमल सिंह के रूप में हुई।
शुरुआत में पुलिस को मामला सड़क हादसे का लगा, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान शव में गनशॉट इंजरी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी निशा से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसके बयानों में विरोधाभास मिला, जिसके बाद शक गहराने लगा।
इसके बाद पुलिस ने संजीव कुमार की दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों से भी पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने घटना से जुड़ी जानकारी दी, जिसके आधार पर पत्नी की भूमिका सामने आई।
एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, संजीव कुमार की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी। दोनों किशोर उसकी दुकान पर काम करते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी का दोनों में से एक किशोर के साथ प्रेम प्रसंग था।
पुलिस के मुताबिक इसी प्रेम प्रसंग के चलते संजीव को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को संजीव कुमार अपनी पत्नी और दोनों किशोरों के साथ कार से जन्मदिन की पार्टी के लिए निकला था। कार संजीव खुद चला रहा था।
आरोप है कि रास्ते में पीछे बैठे किशोर ने तमंचे से संजीव को गोली मार दी। इसके बाद कार को सड़क किनारे सुनसान स्थान पर खड़ा कर दिया गया और आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी।
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी निशा और दोनों किशोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तमंचा, खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही यह भी जांच कर रही है कि साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

