लालकुआं: नैनीताल के लालकुआं थाना क्षेत्र में दो युवकों को कार में बंधक बनाकर जंगल में ले जाने और उनके साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवकों को बंधक बनाने के बाद उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को भी कब्जे में लिया है।
मामले में 15 अगस्त 2026 को दीपक सिंह बिष्ट निवासी बकुलिया किशनपुर सकुलिया, मोटाहल्दू की तहरीर पर लालकुआं थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने शिकायतकर्ता दीपक सिंह बिष्ट और उसके साथी अनिरुद्ध बिष्ट को कार में बैठाया और जंगल की ओर ले गए। आरोप है कि दोनों को वहां बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 अगस्त 2026 को मामले में नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलवंत सिंह बिष्ट उर्फ गुड्डू, कमल सिंह बिष्ट उर्फ सोमी, दीपक जोशी और मोहित कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपियों द्वारा युवकों को बंधक बनाने में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की निसान मैग्नाइट कार (UK04AK 1293) को भी कब्जे में लिया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस टीम में हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गणेश गिरी और कांस्टेबल गुरमेज सिंह शामिल रहे।

