कॉलेज में तमंचा लेकर घुसा छात्र
हल्द्वानी: एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर चल रहे प्रचार के बीच बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक के देसी तमंचा लेकर कॉलेज पहुंचने का मामला सामने आया। आरोप है कि युवक ने उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी वशिष्ठ कुमार को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही नामांकन वापस लेने और उनके समर्थकों को चुनाव प्रचार से दूर रहने का दबाव बनाया।
वशिष्ठ कुमार के अनुसार, चुनाव प्रचार के दौरान आरोपी उनके पास पहुंचा और तमंचा दिखाते हुए धमकी दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।
वशिष्ठ कुमार ने आरोप लगाया कि युवक ने उन्हें चुनाव से अपना नामांकन वापस लेने के लिए कहा। इतना ही नहीं, उनके समर्थकों को भी प्रचार-प्रसार नहीं करने की धमकी दी गई। घटना के बाद कॉलेज परिसर में चुनावी माहौल के बीच सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद जांच शुरू की गई।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि तमंचा लेकर कॉलेज पहुंचने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कॉलेज प्रशासन से घटना से जुड़े CCTV फुटेज भी मांगे हैं।
पुलिस के अनुसार, जांच और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक कॉलेज में तमंचा लेकर क्यों पहुंचा था और प्रत्याशी को धमकी देने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर इन दिनों प्रचार का दौर चल रहा है। ऐसे में कॉलेज परिसर में हथियार पहुंचने और प्रत्याशी को धमकी दिए जाने के आरोप ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और CCTV फुटेज व पूछताछ से घटना से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा।

