हल्द्वानी: कालाढूंगी के विजयपुर गांव में देर शाम गुलदार ने 10 वर्षीय बच्चे पर अचानक झपट्टा मार दिया। हमले के दौरान बच्चे ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह गुलदार से खुद को बचाया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि 10 वर्षीय अंश गांव में था, तभी अचानक गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अंश घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं छोड़ी और गुलदार के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद परिजनों ने उसका उपचार कराया।
घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। शाम ढलते ही गुलदार की सक्रियता बढ़ने के कारण लोग बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर भेजने से बच रहे हैं।
गदगदिया रेंज के वन क्षेत्राधिकारी जगदीश जोशी ने बताया कि वन विभाग को घटना की जानकारी है। अंश का उपचार कराया गया है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पीड़ित को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की लगातार आवाजाही को देखते हुए क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी और गश्त बढ़ाई जानी चाहिए। उनका कहना है कि शाम के समय गांव में गुलदार का डर बना रहता है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सबसे ज्यादा चिंता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।



