उत्तराखंड में बारिश का दौर
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की विदाई की उलटी गिनती शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिन के दौरान मानसून राज्य के कुछ हिस्सों से विदा हो सकता है। मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मानसून की विदाई के बीच प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप के कारण गर्मी और तपिश का अहसास बढ़ रहा है। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादलों के बीच हल्की बारिश और बौछारें भी पड़ रही हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के सात जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ शामिल हैं। इन जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं, प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। मैदानी इलाकों में तेज धूप के चलते दिन के समय गर्मी का असर बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ हरियाणा और पंजाब के कुछ क्षेत्रों से भी वापस लौट गया। मानसून की वापसी की रेखा जैसलमेर, नागौर, सीकर, रोहतक, पटियाला और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है।
विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिन के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान के शेष हिस्सों के साथ सौराष्ट्र-कच्छ, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
ऐसे में उत्तराखंड में भी मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने और मौसम के अधिकतर हिस्सों में शुष्क होने की संभावना है। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बौछारों का दौर अभी जारी रह सकता है।



