नैनीताल: जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने 26 सितंबर 2026 (शनिवार) को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों पर लागू रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 26 सितंबर को बंद रहेंगे।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को नैनीताल जिले के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम विभाग ने जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की प्रबल संभावना भी जताई है। वहीं नदी-नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह के कारण भी खतरा बढ़ने की आशंका है।
इन्हीं मौसम संबंधी परिस्थितियों और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।



