नैनीताल। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में आयोजित अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता–2026, ग्रुप ‘बी’ का शनिवार को समापन हो गया। 21 से 26 सितंबर तक चली छह दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न सैनिक स्कूलों के कैडेट्स ने बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स सहित कई प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
समापन समारोह में नैनीताल एवं ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद स्वागत संबोधन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
क्विज प्रतियोगिता के जूनियर और सब-जूनियर दोनों वर्गों में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ने जीत दर्ज की। हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल रेवाड़ी और अंग्रेजी वाद-विवाद में सैनिक स्कूल झांसी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
बास्केटबॉल के बालक और बालिका दोनों वर्गों में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल विजेता रहा, जबकि वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब सैनिक स्कूल रेवाड़ी ने जीता। एथलेटिक्स में जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों के बीच 100 मीटर, 200 मीटर, 1500 मीटर और रिले दौड़ जैसी स्पर्धाओं में मुकाबला हुआ। श्री बाबा मस्तनाथ रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल ने एथलेटिक्स चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं ओवरऑल ट्रॉफी सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ने हासिल की।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अजय भट्ट ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों और कैडेट्स को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, सौहार्द और आपसी सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन कैडेट्स को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ नए अनुभव भी देते हैं।
इस दौरान अजय भट्ट ने छात्रों के कल्याण के लिए पांच लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।
प्रतियोगिता का समापन औपचारिक फ्लैग ड्रिल के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ छह दिवसीय आयोजन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के दौरान कैडेट्स ने खेल प्रतिभा के साथ अनुशासन और खेल भावना का भी परिचय दिया।



