नैनीताल/ मुक्तेश्वर। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के मुक्तेश्वर में पार्किंग की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में काम शुरू हो गया है। पुलिस थाना मुक्तेश्वर के पास ₹454.68 लाख की लागत से बनने वाली सरफेस पार्किंग एवं प्लाजा का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
मुक्तेश्वर में पार्किंग की सुविधा नहीं होने के कारण पर्यटन सीजन के दौरान अक्सर सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से यातायात प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों की ओर से लंबे समय से यहां पार्किंग निर्माण की मांग की जा रही थी। अब पार्किंग एवं प्लाजा के निर्माण से इस समस्या के कम होने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मुक्तेश्वर पहुंचने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों को भी वाहनों की पार्किंग के लिए सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुक्तेश्वर पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरफेस पार्किंग और प्लाजा बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही स्थानीय व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी सुविधा मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रामगढ़ अंकित पांडे, मंडल अध्यक्ष धारी कृष्ण चंद्र, जिला पंचायत सदस्य ज्योति आर्या, कमलेश बिष्ट, गुडू नयाल, संजय नयाल, पवन डंगवाल, कृष्णा बिष्ट, हरेंद्र नयाल, राजेंद्र कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



