नैनीताल: जिले के गरमपानी क्षेत्र के बेतालघाट ब्लॉक की ग्राम पंचायत तल्ली सेठी में रविवार देर रात एक तेंदुआ घर के अंदर घुस गया। इस दौरान बुजुर्ग महिला जीवंती देवी ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को कमरे में बंद कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तेंदुए को पकड़ लिया और रेस्क्यू सेंटर भेज दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार देर रात करीब दो बजे तेंदुआ जीवंती देवी के घर में घुस आया। घर के अंदर तेंदुए को देखकर महिला घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कमरे के बाहर की कुंडी लगा दी, जिससे तेंदुआ अंदर ही बंद हो गया।
तेंदुए के कमरे में बंद होने के बाद परिजनों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग के अधिकारियों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने तेंदुए को कमरे से सुरक्षित पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने जीवंती देवी के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थिति में हिम्मत दिखाकर तेंदुए को कमरे में बंद कर दिया। उनकी सूझबूझ से तेंदुए को नियंत्रित करने और वन विभाग की टीम के पहुंचने तक उसे कमरे में रखने में मदद मिली।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में पिंजरा लगाया जाए और नियमित गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को वन्यजीवों के खतरे से बचाया जा सके।



