उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में रात करीब 8:07 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 दर्ज की गई है। चार दिन के भीतर उत्तराखंड में भूकंप के झटके महसूस किए जाने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है।
इससे पहले मंगलवार रात करीब 10:23 बजे उत्तराखंड के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई थी। उस भूकंप की तीव्रता 4.4 बताई गई थी और उसका केंद्र बागेश्वर में बताया गया था।
लगातार भूकंप के झटकों की घटनाओं के बीच लोगों में चिंता बनी हुई है। हालांकि, ताजा घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी उपलब्ध नहीं है। नुकसान की स्थिति और भूकंप के केंद्र से संबंधित आधिकारिक जानकारी की पुष्टि होना बाकी है।



