भीमताल : भीमताल विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर भाजपा के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। वर्तमान विधायक और कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की सीट पर पार्टी के 12 नेताओं ने टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। संगठन की ओर से प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भीमताल पहुंचे और संभावित दावेदारों से मुलाकात कर उनकी चुनावी तैयारी और दावेदारी के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान एक के बाद एक 12 नेताओं ने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए पार्टी के सामने अपना दावा रखा। इनमें वरिष्ठ पत्रकार, भाजपा युवा नेता और धामी सरकार में दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला का नाम भी शामिल रहा। उन्होंने अपनी दावेदारी रखते हुए कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह भीमताल में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और वरिष्ठ पार्टी नेत्री खीमा शर्मा ने भी टिकट की मांग करते हुए अपनी दावेदारी पेश की। इसके अलावा भीमताल के ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री भावना मेहरा और पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान दर्जा राज्य मंत्री देवेंद्र ढैला ने भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई।
पूर्व मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट और पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी ने भी टिकट के लिए अपना दावा रखा। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज साह और नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा भी दावेदारों में शामिल रहे।
वहीं, भीमताल के हिंदूवादी नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट ने भी चुनावी मैदान में उतरने की इच्छा जताई। इनके अलावा पूर्व जिला मंत्री एवं पूर्व सैनिक कुंदन चिलवाल और पूर्व जिला मंत्री तथा संघ के स्वयंसेवक दिनेश सांगुड़ी ने भी पार्टी के सामने अपनी दावेदारी रखी।
गौरतलब है कि भीमताल विधानसभा सीट से वर्तमान में राम सिंह कैड़ा विधायक हैं और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मौजूदा विधायक होने के कारण उन्हें भी टिकट का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी के भीतर एक साथ 12 नेताओं की ओर से दावेदारी पेश किए जाने से टिकट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब सबकी नजर भाजपा संगठन के फैसले पर टिकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी राम सिंह कैड़ा पर ही भरोसा जताती है या किसी नए चेहरे को मौका देती है, यह आने वाले समय में साफ होगा। फिलहाल भीमताल सीट पर भाजपा के भीतर टिकट की दावेदारी को लेकर मुकाबला दिलचस्प हो गया है।



