नैनीताल: नैना पीक के जंगलों में लापता हुए ग्राफिक एरा कॉलेज के छात्र अर्नव सिंह का सोमवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका। छात्र की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग और दमकल की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। सोमवार को तलाशी अभियान में ड्रोन और स्वान दल की भी मदद ली गई, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।
बिहार के मुंगेर जिले के पहरपुर निवासी अर्नव शुक्रवार को अपने तीन दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया था। दोपहर करीब दो बजे चारों दोस्त नैना पीक की ओर ट्रैकिंग के लिए निकले थे। शाम करीब चार बजे वापस लौटते समय अर्नव अपने दोस्तों से बिछड़ गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
छात्र के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और अन्य विभागों की टीमों ने शुक्रवार रात से ही तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार को जंगल के दुर्गम और कठिन रास्तों वाले क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए निगरानी की गई। इसके साथ ही स्वान दल को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। तमाम प्रयासों के बावजूद छात्र का कोई सुराग नहीं मिला।
कोतवाल राजेंद्र रावत के मुताबिक, लापता छात्र की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस संबंध में छात्र के परिजनों और उसके साथ आए दोस्तों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।



