देहरादून: नशे की लत और रुपये को लेकर हुआ विवाद देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में खूनी वारदात में बदल गया। चलांग कुल्हन में सोमवार शाम एक युवक ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चलांग कुल्हन निवासी मदन राणा (62) को उनके बेटे नितिन राणा (35) ने चाकू मारकर घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नितिन नशे का आदी है। सोमवार शाम वह अपने पड़ोस में रहने वाले भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। ऋषभ ने रुपये देने से इनकार किया तो नितिन ने दरांती उठा ली और उस पर हमला करने के लिए दौड़ा। किसी तरह ऋषभ वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
बताया जा रहा है कि बेटे को रोकने और समझाने के लिए मदन राणा बीच-बचाव करने पहुंचे। उन्होंने नितिन को उसकी हरकत के लिए डांटा तो वह गुस्से में आ गया और चाकू से पिता पर वार कर दिया। हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नितिन राणा को मौके से हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर शुरू हुए विवाद में पिता की मौत की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।



