नैनीताल। नैनीताल विधानसभा सीट से आगामी चुनाव के लिए भाजपा में दावेदारों के नाम सामने आने लगे हैं। इसी क्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनुसूचित मोर्चा और भीमताल की पूर्व मंडल अध्यक्ष कमला आर्या ने भी अपनी दावेदारी पेश की है।
गुरुवार को नैनीताल क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में कमला आर्या ने कहा कि वह नैनीताल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छुक हैं। इससे पहले भी वह वर्ष 2017 और 2022 में टिकट के लिए दावेदारी कर चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से पार्टी के लिए समर्पित होकर काम कर रही हैं। इस बार उन्हें उम्मीद है कि पार्टी 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को ध्यान में रखते हुए उन्हें मौका देगी। उन्होंने कहा, लड़की हूं, लड़ सकती हूं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, वह उसका पूरा समर्थन करेंगी।
कमला आर्या ने कहा कि नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में लगातार भ्रमण के दौरान उन्हें कई जगहों पर जनता की समस्याएं देखने को मिली हैं। सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन उनका लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए सही मार्गदर्शन और सक्रिय जनप्रतिनिधि का होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र का प्रतिनिधि जनता के बीच रहकर काम करे और सरकार के साथ बेहतर तालमेल बनाए तो लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरा जा सकता है।



