देहरादून: देहरादून के परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियां प्रस्तुत की गईं, और स्कूली छात्रों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांधा।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और अन्य संविधान निर्माताओं का भी स्मरण किया।
राज्यपाल ने कहा भारत ने आर्थिक और सैन्य ताकत के साथ-साथ विज्ञान, तकनीक, खेल और संस्कृति में भी अद्वितीय उपलब्धियां हासिल की हैं। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है, और इस दिशा में तेज़ी से कार्य हो रहा है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियानों ने उत्पादन और निर्यात को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है, जो युवाओं की रचनात्मकता और मेहनत का नतीजा है।
उत्तराखंड की उपलब्धियां
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने राज्य सरकार और जनता के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उत्तराखंड जल्द ही अग्रणी राज्यों में अपनी जगह बनाएगा।