देहरादून के सहसपुर में गुरुवार सुबह पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
धर्मावाला चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जब पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।
एसपी विकासनगर ने अस्पताल जाकर घटना की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुज्जमिल (खुशालपुर, सहसपुर) और उजैफ उर्फ जैद (रायपुर, यूपी) के रूप में हुई है। दोनों पर एक दिन पहले हुई गौकशी की घटना में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने इनकी तलाश पहले से कर रही थी।
गौ तस्करी में शामिल इन आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने पहले से जाल बिछा रखा था। चेकिंग के दौरान जब वे पकड़े जाने से बचने के लिए भागे, तब पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उन्हें घेर लिया। एक आरोपी घायल हो गया और दूसरा पुलिस के शिकंजे में आ गया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।