नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय को उत्तराखंड सरकार द्वारा पटवाडांगर में 26.4 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। यह उपलब्धि कुलपति प्रो. दीवान एस. रावत के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल की एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। इस निर्णय से विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय और व्यावसायिक केंद्र की स्थापना में नया मार्ग प्रशस्त होगा।
कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (KUTA) ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव और उच्च शिक्षा सचिव को इस सकारात्मक निर्णय के लिए धन्यवाद दिया। संघ ने कुलपति प्रो. दीवान रावत को पुष्प गुच्छ और शाल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मिष्ठान वितरण कर विश्वविद्यालय की इस बड़ी सफलता का जश्न मनाया गया।
कार्यक्रम में कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, महासचिव डॉ. विजय कुमार, डॉ. दीपा आर्या सहित कई शिक्षक और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। शिक्षक संघ ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और आशा व्यक्त की कि इससे छात्रों को नई शैक्षिक और व्यावसायिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।