देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। बुधवार को उनके जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति सड़क मार्ग से राजधानी देहरादून के लिए रवाना हुईं। उनके दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन और सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। गुरुवार को राष्ट्रपति मुर्मू देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन को आम जनता के लिए समर्पित करेंगी।
सुबह 9:30 से 9:50 के बीच आगंतुक सुविधा केंद्र, कैफेटेरिया और स्मारिका दुकान का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति 9:50 से 10:40 के बीच राष्ट्रीय दृष्टि विकलांग व्यक्ति सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD) में विशेष बच्चों के कार्यक्रम में शामिल होंगी, जिसमें केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री वीरेंद्र कुमार, राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत कई विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहेंगे। इसके पश्चात 10:40 से 11:15 के बीच राष्ट्रपति राजपुर रोड स्थित तपोवन पार्क को जनता को समर्पित करेंगी और शिव मंदिर दर्शन करेंगी। इस दौरान वह राष्ट्रपति उद्यान का शिलान्यास करेंगी तथा ‘राष्ट्रपति निकेतन’, ‘राष्ट्रपति तपोवन’ और ‘राष्ट्रपति उद्यान’ की जैव विविधता पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी करेंगी। दोपहर 12:30 से 12:50 बजे के बीच राष्ट्रपति अपने जन्मदिन की शुभकामनाएं राष्ट्रपति निकेतन में प्राप्त करेंगी। वहीं शाम 4:35 से 4:50 बजे के बीच राष्ट्रपति नैनीताल स्थित राजभवन की 125वीं वर्षगांठ पर विशेष डाक टिकट का विमोचन करेंगी और राजभवन पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक का प्रजेंटेशन देखेंगी। आज रात राष्ट्रपति राष्ट्रपति निकेतन में ही विश्राम करेंगी।