हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने फिर से रफ्तार के खतरे की ओर ध्यान दिला दिया। गौलापार खेड़ा चौराहे के पास वोल्वो बस और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में करीब 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में युवक स्कूटी सहित बस के अंदर फंस गया, जिसे निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक काठगोदाम से स्कूटी किराए पर लेकर लालकुआं की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही वोल्वो बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि युवक स्कूटी सहित बस के अगले हिस्से में फंस गया।
स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन युवक को निकालना आसान नहीं था। बस और स्कूटी के पार्ट्स को गैस कटर से काटकर काफी देर बाद शव बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक युवक ने दम तोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद युवक काफी देर तक बस में फंसा तड़पता रहा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद लालकुआं-काठगोदाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में काफी मशक्कत की।
काठगोदाम थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष है, लेकिन अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और स्कूटी किराए पर देने वाले मालिक से जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि लालकुआं-काठगोदाम हाईवे पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। बीते शुक्रवार रात भी तेल डिपो के पास स्कूटी और कार की भिड़ंत हुई थी, जिसमें स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
