नैनीताल: प्रदेश में भारी बारिश ने कई लोगों को गहरी चोट दी है। कहीं घर जमींदोज हो गए, तो कहीं परिवारजन छिन गए। इसी सिलसिले में नैनीताल शहर में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ। 14 अगस्त को 7 नंबर निवासी आनंद राम के घर के पीछे बनी सुरक्षा दीवार अचानक ढह गई। दीवार गिरने से उनका घर भी चपेट में आ गया। हादसे में घर का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बर्तन सहित कई जरूरी सामान मलबे में दब गए। अब परिवार के पास केवल एक छोटा-सा कमरा ही बचा है।
हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत स्वरूप आनंद राम को 5,000 रुपये की सहायता दी और अस्थायी रूप से परिवार को पांच दिनों तक पास के सरकारी स्कूल में ठहराया। मगर स्कूल खुलने के बाद परिवार को मजबूरी में फिर अपने जर्जर घर में ही लौटना पड़ा।
इस कठिन समय में सामाजिक कार्यकर्ता संध्या शर्मा मदद के लिए आगे आई हैं। संध्या सिर्फ समाजसेवा में ही नहीं, बल्कि अस्पतालों में मरीजों की समस्याएं सुनने और उनकी मदद करने के लिए भी जानी जाती हैं। यही वजह है कि लोग उन्हें संवेदनशील और हरदम मददगार मानते हैं।
आनंद राम का परिवार भी संध्या शर्मा से मिलकर फिर से उम्मीद से भर गया है। संध्या ने अपील की है कि आमजन भी आगे आकर हरसंभव सहयोग करें, ताकि यह पीड़ित परिवार दोबारा जीवन की नई शुरुआत कर सके।
यदि कोई भी व्यक्ति मदद करना चाहता है तो इस नंबर पर सम्पर्क करे- +91 90450 73435
