लालकुआं: हल्द्वानी–रामपुर रोड पर मोटाहल्दू क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बीएलएम स्कूल की एक बस, जिसमें बच्चे सवार थे, दूसरी बस को साइड देने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसा सुबह करीब 6:45 बजे हुआ।
हादसे में बस का क्लीनर सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में बैठे कई बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, क्लीनर के पैर में फ्रैक्चर है, जबकि बच्चों की चोटें सामान्य हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पदमपुर देवलिया चौराहे के पास दो स्कूल बसें आपस में साइड ले रही थीं, तभी एक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद को दौड़े।
घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल और अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने लगातार हो रही स्कूल बसों की तेज रफ्तारी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर नाराज़गी जताई। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।
