देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 29 अगस्त से 04 सितम्बर 2025 तक राज्य के विभिन्न जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

लगातार हो रही बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में नदियों-नालों के जलस्तर बढ़ने के खतरे को देखते हुए जनपद ऊधमसिंह नगर प्रशासन ने शनिवार (30 अगस्त 2025) को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश दिया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए। यदि कोई भी विद्यालय या संस्था इसका उल्लंघन करती पाई गई, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
