नैनीताल: नैनीताल क्लब के शैले हॉल में सोमवार को जिला पंचायत नैनीताल के नव-निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सबसे पहले अध्यक्ष दीपा दर्मवाल और उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने सभी निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।
अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने नंदा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नैनीताल जनपद को विकास की अग्रिम पंक्ति में लाया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला पंचायत जिले के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करेगी। वहीं उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सामूहिक प्रयासों से जनसमस्याओं का समाधान किया जाएगा।
अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार ने जानकारी दी कि जिला पंचायत की पहली बैठक 6 सितंबर 2025 को पूर्वाह्न 11 बजे नैनीताल क्लब सभागार में आयोजित होगी।
शपथ ग्रहण समारोह में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, दायित्वधारी हेमंत द्विवेदी, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्य, सुरेश भट्ट, शांति मेहरा, दीपक मेहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, राज्य आंदोलनकारी गणेश बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद दर्मवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट ने किया।

