नैनीताल: लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हल्द्वानी में गौला नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुँच गया है। सोमवार को नदी का प्रवाह 55 हजार क्यूसेक से ऊपर दर्ज किया गया। स्थिति का जायजा लेने पहुंचे एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि जलस्तर बढ़ने से एनएचएआई द्वारा बनाए गए चेक डैम को क्षति पहुँची है।
फिलहाल गौला पुल पर यातायात सामान्य है, लेकिन नदी का बहाव दिशा बदलते हुए पीडब्ल्यूडी की रेलवे फाटक और पुल के बीच वाले हिस्से की ओर मुड़ गया है, जिससे खतरा बढ़ गया है। एहतियातन प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
लोगों से अपील की गई है कि वे नदी किनारे और पुल के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएँ और पूरी तरह प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। इस बीच, मौसम विभाग पहले ही जिले में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी कर चुका है।
